Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश का कोयला आयात जुलाई में 41 प्रतिशत बढक़र 2.52 करोड़ टन पर पहुंचा 

September 22, 2024

देश का कोयला आयात जुलाई में 41 प्रतिशत बढक़र 2.52 करोड़ टन पर पहुंचा 
नयी दिल्ली:  देश का कोयला आयात जुलाई में 40.56 प्रतिशत बढक़र 2.52 करोड़ टन रहा है। पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में कोयला आयात 1.79 करोड़ टन रहा था। बी2बी ई-कॉमर्स मंच एमजंक्शन र्सिवसेज द्वारा जुटाए गए आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
चालू वित्त वर्ष के पहले चार माह (अप्रैल-जुलाई) में कोयला आयात बढक़र 10.04 करोड़ टन पर पहुंच गया, जो एक साल पहले समान अवधि में 8.91 करोड़ टन था।  एमजंक्शन के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनय वर्मा ने कहा कि अगले महीने त्योहारी सीजन से पहले आने वाले हफ्तों में आयात मांग में तेजी आने की संभावना है।
एमजंक्शन र्सिवसेज ने कहा, ‘‘समुद्री मार्ग से ढुलाई दरों में नरमी के बीच गैर-कोकिंग कोयले के आयात में तेजी देखने को मिल रही है। हालांकि, इस्पात मिलों की कमजोर मांग के कारण कोकिंग कोयले की मात्र में कमी आई है।’ जुलाई में कुल आयात में गैर-कोकिंग कोयले का हिस्सा 1.65 करोड़ टन रहा, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह आंकड़ा 1.01 करोड़ टन था। कोकिंग कोयले का आयात 48.1 लाख टन रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष जुलाई में यह 50.3 लाख टन था। अप्रैल-जुलाई की अवधि के दौरान गैर-कोकिंग कोयले का आयात एक साल पहले के 5.66 करोड़ टन की तुलना में बढक़र 6.56 करोड़ टन पर पहुंच गया।
वहीं, कोकिंग कोयले के आयात में 2.02 करोड़ टन के मुकाबले मामूली बढ़त देखने को मिली। कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने पूर्व में कहा था कि भारत को जीवाश्म ईंधन का घरेलू उत्पादन बढ़ाना चाहिए और कोयले का आयात कम करना चाहिए। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत का कोयला आयात 7.7 प्रतिशत बढक़र 26.82 करोड़ टन रहा था।  जुलाई में भारत का कोयला उत्पादन सालाना आधार पर 6.36 प्रतिशत बढक़र 7.4 करोड़ टन हो गया। अप्रैल-जुलाई में भारत का कुल कोयला उत्पादन 32.13 करोड़ टन से अधिक रहा, जो एक साल पहले की इसी अवधि से 9.6 प्रतिशत अधिक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें