Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

वर्ष 2013 के बाद से विमानन क्षेत्र के बेड़े का आकार 75 प्रतिशत बढ़ गया: सिंधिया

July 26, 2023

खजुराहो: केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को कहा कि पिछले कुछ साल में विमानन क्षेत्र में तेजी से वृद्धि हुई है और बेड़े का आकार 2013 में 400 विमानों से बढक़र अब 700 हो गया है। अगले पांच साल में यह संख्या 1,500 तक बढ़ने की संभावना है। सिंधिया ने यहां एक सम्मेलन में भाग लेते हुए छोटे विमानों के लिए उड़ान 5.2 (उड़े देश का आम नागरिक) कार्यक्रम पेश किया। इसका उद्देश्य देश के दूरदराज क्षेत्रों में हवाई संपर्क बढ़ाना है।

इसके साथ ही उन्होंने सरकारी अधिकारियों से मंजूरी लेने को लेकर हेलीकॉप्टर परिचालकों के लिए मोबाइल एप्लिकेशन भी पेश किया। मंत्री ने उड़ान 5.2 कार्यक्रम और हेली सेवा ऐप मध्य प्रदेश के खजुराहो में 5वें हेलीकॉप्टर और छोटे विमान शिखर सम्मेलन (हेली शिखर सम्मेलन 2023) और तीन उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) के उद्घाटन के दौरान पेश किये।

इस मौके पर सिंधिया ने कहा कि हमने आज छोटे विमानों के लिए उड़ान 5.2 कार्यक्रम शुरू किया। हमने 22 मार्ग आवंटित किये हैं। हेली सेवा के बारे में मंत्री ने कहा कि यह हेलीकॉप्टर आपरेटरों के लिए एकल खिड़की सेवा मंच है जो मोबाइल फोन पर एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से सभी मंजूरी प्राप्त करने में सक्षम होगा। हेली शिखर सम्मेलन 2023 का आयोजन नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने संयुक्त रूप से मध्य प्रदेश सरकार, पवन हंस लिमिटेड और उद्योग मंडल फिक्की के सहयोग से किया।

सिंधिया ने लोकप्रिय पर्यटन शहर खजुराहो में तीन एफटीओ का भी उद्घाटन किया। इसके साथ मध्य प्रदेश में एफटीओ की संख्या छह…. खजुराहो में तीन और इंदौर, सागर और गुना में एक-एक…हो गयी है। सिंधिया ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में खजुराहो और वाराणसी के बीच चौड़े आकार वाले विमान का उपयोग करके एक उड़ान जल्द ही शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि खजुराहो की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है और इसके हवाई संपर्क का विस्तार करना हमारा संकल्प है।

मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले नौ साल में विमानन क्षेत्र में तेज वृद्धि हुई है। इस अवधि के दौरान नौ हेलीपोर्ट और दो जल हवाई अड्डों सहित 148 हवाई अड्डे विकसित किए गए हैं और अगले चार साल में यह संख्या 200 तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि विमान बेड़े के आकार में भी 75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है जो 2013 में 400 हवाई जहाजों से बढक़र अब 700 हो गई है। हम आने वाले 4 से 5 साल में इस संख्या को 1,200 से 1,500 के बीच बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

ये भी पढ़ें: कोलाथुर में बड़ा उलटफेर: CM एमके स्टालिन को TVK के वीएस बाबू ने 8,795 वोटों से हराया

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें