Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से तीन कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 82,082.91 करोड़ रुपये तक घटा 

August 27, 2023

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से तीन कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 82,082.91 करोड़ रुपये तक घटा 
नई दिल्ली: सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से तीन कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 82,082.91 करोड़ रुपये की गिरावट आई है। सबसे अधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ है। बीते सप्ताह शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन घट गया। वहीं टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज (टीसीएस), आईसीआईसीआई बैंक,हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, आईटीसी, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई।
इन सात कंपनियों की बाजार हैसियत सामूहिक रूप से 67,814.1 करोड़ रुपये बढ़ी है। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 62.15 अंक या 0.09 प्रतिशत के नुकसान में रहा। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 58,690.9 करोड़ रुपये घटकर 16,71,073.78 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 20,893.12 करोड़ रुपये के नुकसान से 11,81,835.08 करोड़ रुपये पर और भारतीय स्टेट बैंक की 2,498.89 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,08,926 करोड़ रुपये रह गई।
 वहीं दूसरी ओर बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 21,025.39 करोड़ रुपये बढक़र 4,36,788.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 13,716.34 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 6,79,267.17 करोड़ रुपये और इन्फोसिस का मूल्यांकन 13,199.82 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,89,579.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 9,731.21 करोड़ रुपये बढक़र 4,88,461.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 4,738.47 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 12,36,978.91 करोड़ रुपये औरहिंदुस्तान  यूनिलीवर का 2,972.23 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 6,03,222.31 करोड़ रुपये रहा। आईटीसी की बाजार हैसियत 2,430.64 करोड़ रुपये बढक़र 5,53,251.90 करोड़ रुपये रही। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, आईटीसी, एसबीआई, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें