Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

शुरुआती कारोबार में तेजी के बाद अस्थिर हुआ बाजार

January 12, 2023

शुरुआती कारोबार में तेजी के बाद अस्थिर हुआ बाजार

मुंबई: अमेरिका के बाजारों में सकारात्मक रूख के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही, हालांकि बाद में आई अस्थिरता से दोनों सूचकांकों ने शुरुआती लाभ गंवा दिया। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 139.34 अंक चढक़र 60,244.84 अंक पर आ गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 39.35 अंक बढक़र 17,935.05 अंक पर था। बाद में दोनों सूचकांकों में अस्थिरता आई और उन्होंने शुरुआती लाभ गंवा दिया। सेंसेक्स 23.4 अंक की गिरावट के साथ 60,082.10 अंक पर आ गया जबकि निफ्टी 9 अंक टूटकर 17,879.85 अंक पर था। सेंसेक्स में, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टूब्रो, मंहिद्रा एंड मंहिद्रा, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी और मारुति बढ़त पाने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।

दूसरी ओर एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सियोल और तोक्यो के बाजारों में तेजी थी। शंघाई और हांगकांग के बाजार नुकसान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुए। पिछले कारोबारी सत्र में, बुधवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 9.98 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 60,105.50 अंक पर बंद हुआ था। पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 18.45 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,895.70 अंक पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.01 फीसदी की बढ़त के साथ 82.71 डॉलर प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 3,208.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें