Site icon Dainik Savera Times

शेयर बाजार ने विदेशी पूंजी की निकासी के बीच शुरुआती खोई बढ़त, जानिए Sensex और Nifty के हाल 

मुंबई: प्रमुख शेयर सूचकांकों ने सोमवार को तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की लेकिन विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के बीच जल्द ही शुरुआती बढ़त खो दी। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 545.27 अंक चढक़र 81,770.02 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 124.25 अंक की बढ़त के साथ 24,978.30 अंक पर रहा।
हालांकि, जल्द ही दोनों सूचकांक मुनाफावसूली में फंस गए और गिरावट के साथ कारोबार करने लगे। सेंसेक्स 136.52 अंक की गिरावट के साथ 81,060.86 अंक पर और निफ्टी 100.70 अंक फिसलकर 24,753.35 अंक पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से टाइटन, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे।
एचडीएफसी बैंक के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की तेजी आई। कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट आई। कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में पांच प्रतिशत से अधिक गिरावट आई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट फायदे में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.38 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 5,485.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,214.83 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
ये भी पढ़ें: Pradosh Vrat 2026 Date: आज है भौम प्रदोष व्रत… जानिए सही पूजा विधि और मुहूर्त
Exit mobile version