मुंबई: लोकसभा चुनावों में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के रूझानों से निराश निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार में आज भूचाल आ गया और सैंसेक्स एवं निफ्टी में करीब 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों के 31 लाख करोड़ रुपए से अधिक डूब गए। आम चुनाव के एग्जिट पोल में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 400 सीटों के करीब बताया गया था लेकिन मतगणना में भाजपा को 244 सीटें और एनडीए को करीब 300 सीटें मिलने के रूझान से निवेशक हताश हो गए और जमकर बिकवाली की जिसके कारण बाजार में भूचाल आ गया। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 4389.73 अंक टूटकर 72079.05 अंक पर तथा नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 1379.40 अंक उतरकर 21884.50 अंक पर रहा। दिग्गज कंपनियों में हुई बिकवाली का असर छोटी और मझौली कंपनियों पर हुआ और बीएसई का मिडकैप 8.07 प्रतिशत फिसलकर 40788.10 अंक पर और स्मॉलकैप 6.79 फीसद गिरकर 44958.48 अंक पर रहा।
ये भी पढ़ें: CM मान की अगुवाई में Barinder Gayal, Harjot Bains और MP Malwinder Kang ने की अहम बैठक

