Site icon Dainik Savera Times

हवाई उड़ानों में यात्रियों की हुई बंपर बढ़ोतरी, Indigo ने मारी बाजी

नई दिल्ली: देश की घरेलू विमानन सेवा उद्योग ने मार्च 2025 में एक नया मुकाम हासिल किया है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, इस माह कुल 1.45 करोड़ यात्रियों ने देश के भीतर हवाई सफर किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.79% की बढ़ोतरी को दर्शाता है। बीते साल मार्च में यह आंकड़ा 1.33 करोड़ रहा था।

इस वृद्धि के पीछे सबसे बड़ा योगदान रहा इंडिगो एयरलाइन का, जिसने अकेले 93.1 लाख यात्रियों को सफर कराया और 64% बाजार हिस्सेदारी पर कब्जा जमाया। एयर इंडिया समूह (एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस) ने भी मजबूत प्रदर्शन किया, जिसके जरिए 38.8 लाख यात्रियों ने उड़ान भरी और इसकी हिस्सेदारी 26.7% रही।

वहीं, उभरती कंपनियों में अकासा एयर और स्पाइसजेट का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। अकासा एयर ने 7.2 लाख यात्रियों के साथ 5%, जबकि स्पाइसजेट ने 4.8 लाख यात्रियों के साथ 3.3% बाजार हिस्सेदारी हासिल की।

सिर्फ यात्री संख्या ही नहीं, समय की पाबंदी में भी इंडिगो सबसे आगे रहा। प्रमुख हवाई अड्डों (दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु) पर 88.1% उड़ानें समय पर रहीं। इसके बाद अकासा एयर का स्थान रहा, जिसकी 86.9% उड़ानें तय समय पर पहुंचीं। एयर इंडिया समूह और स्पाइसजेट की समय-पालन दर क्रमशः 82% और 72.1% रही।

यह आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि भारत का घरेलू विमानन क्षेत्र लगातार तेज़ी से विकास कर रहा है और यात्रियों की बढ़ती संख्या इसके उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करती है।

ये भी पढ़ें: बॉर्डर इलाके की किराना दुकान में बन रहा था फर्जी Aadhaar, छापेमारी में 400 कार्ड बरामद

Exit mobile version