Site icon Dainik Savera Times

घरेलू बाजारों में शुरुआती कारोबार में आयी गिरावट,जानिए Sensex और Nifty के हाल

 

मुंबई: कमजोर वैश्विक रुझानों, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी कोषों की निकासी के बीच घरेलू सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट आई। बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स 281.18 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 73,622.73 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 93.15 अंक या 0.41 प्रतिशत फिसलकर 22,360.15 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से 22 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे। भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, सन फार्मा और इंडसइंड बैंक के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई, जबकि बाजार के रुख से उलट अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक तथा टाटा स्टील के शेयरों में तेजी आई। एनएसई निफ्टी में सूचीबद्ध 50 कंपनियों में से 38 कंपनियों के शेयर में गिरावट आई।

एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की225 और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। अमेरिकी और यूरोपीय बाजार मंगलवार को मुख्यत: नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 88.99 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,622.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

ये भी पढ़ें: व्यापार-निवेश बढ़ाने को एसोचैम और भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद में समझौता

Exit mobile version