
कोलकाता: एअर इंडिया की कोलकाता से मुंबई जा रही फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के वॉशरूम में एक धमकी भरा नोट मिला। नोट मिलने के तुरंत बाद विमान के क्रू मेंबर्स ने पायलटों को इसकी जानकारी दी। पायलटों ने बिना देरी किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सभी यात्रियों को विमान से उतारकर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की कोलकाता-मुंबई फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को विमान के वॉशरूम में एक संदिग्ध नोट मिला था। नोट देखते ही उन्होंने इसकी सूचना पायलटों को दी। इसके बाद पायलटों ने ATC को विमान में धमकी भरा नोट मिलने की जानकारी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। तय सुरक्षा नियमों (SOP) के तहत विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा करने का फैसला लिया गया।
आइसोलेशन बे एयरपोर्ट का एक सुरक्षित और अलग स्थान होता है, जहां संदिग्ध स्थिति में विमानों को खड़ा करके उनकी जांच की जाती है। इस प्रक्रिया के तहत सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने विमान की बारीकी से तलाशी शुरू की। फिलहाल धमकी भरे नोट में क्या लिखा था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। नोट किसने रखा था और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका भी पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 4 नवंबर को इंडिगो की दो फ्लाइट को भी बम होने की धमकी मिली थी। दोनों विमानों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। पहली फ्लाइट मदीना से हैदराबाद आ रही थी, जिसका फ्लाइट नंबर 6E 058 था। धमकी मिलने के बाद विमान को सुरक्षा कारणों से अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया था।
वहीं, दूसरी फ्लाइट शारजाह से हैदराबाद जा रही थी। इसका फ्लाइट नंबर 6E 1422 था। इस विमान को मुंबई डायवर्ट किया गया था। दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया और सुरक्षा जांच की गई थी। लगातार विमानों को मिल रही धमकियों के बीच एअर इंडिया की कोलकाता-मुंबई फ्लाइट में धमकी भरा नोट मिलने की घटना ने एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी है।