Site icon Dainik Savera Times

Telecom Services की गुणवत्ता के मानक सख्त करने का TRAI से अनुरोध

नई दिल्ली: दूरसंचार विभाग ने कॉल ड्रॉप पर रोक लगाने और कॉल की गुणवत्ता सुधारने के लिए दूरसंचार नियामक ट्राई से सेवाओं की गुणवत्ता संबंधी मानक सख्त करने को कहा है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) को फोन कॉल की गुणवत्ता को लेकर आ रही शिकायतें दूर करने के लिए इससे जुड़े मानकों को सख्त करने को कहा गया है। अधिकारी ने कहा, “उपभोक्ताओं की संतुष्टि एवं उनके हितों के संरक्षण के लिए सेवाओं की गुणवत्ता बेहद अहम है।

दूरसंचार विभाग ने ट्राई से अनुरोध किया है कि सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े मानकों को सख्त किया जाए।” दूरसंचार विभाग ने यह कदम लोगों से कॉल ड्रॉप और कॉल की गुणवत्ता को लेकर मांगी गई राय के आधार पर उठाया है। इसके साथ ही आधिकारिक सूत्र ने कहा कि विभाग ने दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता संबंधी वैश्विक परंपराओं का अध्ययन कर ट्राई के साथ भी उसे साझा किया है। ट्राई ने सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, मानकों की समीक्षा और 5जी सेवाओं के मानदंड तय करने के लिए 17 फरवरी को एक बैठक बुलाई है। इसमें दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें: फिर मिला धमकी भरा ईमेल, चंडीगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, उड़ाएंगे निगम ऑफिस

Exit mobile version