Tremendous Rise in Stock Market: मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को हफ्ते की शानदार शुरुआत की। एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के मजबूत तिमाही नतीजों तथा विदेशी निवेशकों की लिवाली के चलते बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 600 अंकों की छलांग के साथ 79,000 के पार निकल गया, जबकि एनएसई निफ्टी ने 24,000 का महत्वपूर्ण स्तर पार कर लिया।
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 599.66 अंकों की बढ़त के साथ 79,152.86 तक पहुंचा। वहीं निफ्टी 152.55 अंक चढ़कर 24,004.20 पर कारोबार करता दिखा। इस उछाल की प्रमुख वजहें बैंकिंग और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी रहीं।

-बैंकिंग शेयरों में आई बढ़त
एचडीएफसी बैंक के शेयरों में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। बैंक ने जनवरी-मार्च तिमाही में 18,835 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जो सालाना आधार पर 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। हालांकि, बैंक ने ऋण दरों से जुड़े कुछ मुद्दों पर चिंता जताई, जो आगे चलकर उसकी लोन ग्रोथ को प्रभावित कर सकते हैं। दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक ने 13,502 करोड़ रुपये का तिमाही मुनाफा दर्ज किया है, जो 15.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि है। इसके चलते कंपनी के शेयरों में भी लगभग एक प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।
-अन्य प्रमुख शेयरों का प्रदर्शन
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इन्फोसिस और इंडसइंड बैंक शीर्ष लाभार्थी रहे। वहीं दूसरी ओर, अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी, भारती एयरटेल, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर और सन फार्मा के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
-वैश्विक संकेत और विदेशी निवेश
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखा गया। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स बढ़त में रहा, जबकि जापान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में गिरावट रही। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। बीते बृहस्पतिवार को एफआईआई ने 4,667.94 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे, जिससे बाजार में सकारात्मक धारणा बनी रही।
शुक्रवार को गुड फ्राइडे के उपलक्ष्य में बाजार बंद रहा था। सकारात्मक तिमाही नतीजे और एफआईआई की मजबूत लिवाली ने बाजार में एक नई ऊर्जा भर दी है। अगर यह रुझान कायम रहता है, तो आने वाले दिनों में निवेशकों को और भी बेहतर रिटर्न की उम्मीद की जा सकती है।