Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

घरेलू वाहन बाजार में सुस्ती: Two-Wheeler Segment में आई हल्की बढ़त… जानिए विशेषज्ञों की राय

June 16, 2025

घरेलू वाहन बाजार में सुस्ती: Two-Wheeler Segment में आई हल्की बढ़त… जानिए विशेषज्ञों की राय

Two-Wheeler Sales: नई दिल्ली: भारत के घरेलू वाहन बाजार में इस वर्ष मई के महीने में मिश्रित रुझान देखने को मिला। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पैसेंजर व्हीकल्स (यात्री वाहनों) की थोक बिक्री में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जबकि दोपहिया वाहनों की बिक्री में हल्की तेजी आई है।

पिछले साल मई में जहां 3,47,492 यात्री वाहनों की थोक बिक्री हुई थी, वहीं इस साल मई में यह आंकड़ा 0.8 प्रतिशत घटकर 3,44,656 इकाई पर आ गया। यह गिरावट बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, उपभोक्ता मांग में हल्की सुस्ती और कुछ मॉडलों की आपूर्ति से जुड़ी दिक्कतों के चलते देखी जा रही है।

दूसरी ओर, टू-व्हीलर सेगमेंट ने मामूली उछाल दिखाया है। मई 2025 में दोपहिया वाहनों की बिक्री 2.2 प्रतिशत बढ़कर 16,55,927 इकाई तक पहुंच गई, जो पिछले साल मई में 16,20,084 इकाई थी। यह बढ़त मुख्यतः ग्रामीण मांग में सुधार और ईंधन कुशल मॉडल्स की लोकप्रियता के कारण मानी जा रही है।

तीपहिया वाहनों की बात करें तो इसमें भी गिरावट दर्ज की गई है। मई 2024 में 55,763 तिपहिया वाहन बिके थे, जबकि इस साल इसी महीने में यह आंकड़ा 3.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53,942 इकाई रह गया।

हालांकि, अगर कुल वाहन बिक्री की बात करें तो इसमें थोड़ी सकारात्मकता दिखी है। मई 2025 में सभी श्रेणियों के वाहनों की कुल थोक बिक्री 1.8 प्रतिशत बढ़कर 20,12,969 इकाई हो गई, जो पिछले साल इसी माह में 19,76,674 इकाई थी।

विशेषज्ञों की राय

ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों का मानना है कि मानसून की शुरुआत, आगामी त्योहारों की तैयारी और ब्याज दरों में स्थिरता जैसे कारक आने वाले महीनों में मांग को बल दे सकते हैं। हालांकि, कच्चे माल की लागत, वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव और इलेक्ट्रिक वाहनों की बदलती मांग भी इस सेक्टर को प्रभावित कर सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें