लंदन : ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से मिलने वाले लाभ को अधिकतम करने के लिए भारत पहुंचा है। ब्रिटेन सरकार ने कहा कि इसके साथ ही दोनों देशों के बीच एक अरब पाऊंड के नए सौदे हुए हैं। उत्तरी इंगलैंड के 7 मेयर के साथ ही ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स, स्कॉटलैंड मामलों के मंत्री डगलस एलैक्जैंडर और पर्यावरण, खाद्य एवं ग्रामीण मामलों की मंत्री एंजेला ईगल के साथ विभिन्न क्षेत्रों के 100 से अधिक व्यवसायी भारत आए हैं।
ये प्रतिनिधिमंडल 15 जुलाई को भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) लागू होने के लगभग 3 महीने बाद आया है। यात्रा से पहले दिए बयान में रेनॉल्ड्स ने कहा, भारत के साथ हमारे व्यापार समझौते ने नए दरवाजे खोल दिए हैं, और अब हमारे उत्तरी मेयर के नेतृत्व में क्षेत्रीय व्यवसाय नौकरियां, निवेश और वृद्धि लाने के लिए साझेदारियां बनाकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘उन्नत विनिर्माण से लेकर शिक्षा तक, हम दोनों देशों में व्यवसायों और उपभोक्ताओं के लिए अवसर बढ़ाने को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के साथ संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं।

