Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका और चीन के वाणिज्य मंत्रियों ने बेहतर व्यापारिक माहौल को लेकर सहमति की व्यक्त 

बीजिंग: अमेरिका की वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो और चीन के उनके समकक्ष वांग वेन्ताओ ने बेहतर व्यापारिक स्थितियों को लेकर सोमवार को सहमति व्यक्त की। रायमोंडो चीन के साथ देश के संबंधों को बेहतर करने के लिए बीजिंग की यात्रा पर पहुंची हैं। इससे पहले अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन सहित अन्य अमेरिकी अधिकारियों ने जुलाई में चीन की यात्रा की थी।
उन्होंने संचार में सुधार को लेकर उम्मीद जतायी थी, लेकिन प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, मानवाधिकार तथा अन्य मुद्दों पर विवादों पर किसी तरह की प्रगति की कोई घोषणा नहीं की गई थी जिन कारणों से दोनों देशों के संबंध दशकों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। अपनी ओर से, चीन के नेता शी चिनंफिंग की सरकार चीन में विदेशी निवेशकों की रुचि को पुनर्जीवित करना चाहती है क्योंकि देश गहरी होती आर्थिक मंदी से निपटने की कोशिश कर रहा है।
चीन के वाणिज्य मंत्री वांग वेन्ताओ ने रायमोंडो से कहा कि वे अमेरिकी और चीनी व्यवसायों के बीच ‘‘मजबूत सहयोग के लिए अधिक अनुकूल नीतिगत माहौल को बढ़ावा देने’’ और ‘‘ द्विपक्षीय व्यापार तथा निवेश को बढ़ाने’’ के लिए मिलकर काम करने को तैयार हैं।रायमोंडो ने कहा कि दोनों पक्ष अधिक मेलजोल बढ़ाने के लिए सूचना के नए आयामों पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह बेहद महत्वपूर्ण है कि हमारे बीच स्थिर आर्थिक संबंध हों। मेरा मानना है कि अगर हम प्रत्यक्ष, मुक्त और व्यावहारिक हों तो हम प्रगति कर सकते हैं। रायमोंडो की बीजिंग और शंघाई की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग और अन्य अधिकारियों से भी मिलने की योजना है।
ये भी पढ़ें : IPL के बीच बड़ी खबर, मित्तल फैमिली ने 15,000 करोड़ से ज्यादा में खरीदी राजस्थान रॉयल्स
Exit mobile version