Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका-ईरान तनाव से बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 251 अंक फिसलकर लाल निशान में बंद

US Iran Market Fall

US Iran Market Fall

मध्य पूर्व में अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ने से वैश्विक बाजारों में कमजोरी के चलते हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ।

बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 251.61 अंक यानी 0.33 प्रतिशत गिरकर 77,017.79 पर पहुंच गया, तो वहीं एनएसई निफ्टी50 86.50 अंक (0.36 प्रतिशत) फिसलकर 24,032.80 पर था।

दिन के कारोबार के दौरान, सेंसेक्स 77,103.72 पर खुलकर 77,151.33 का इंट्रा-डे हाई और 76,515.03 का लो बनाया, जबकि निफ्टी 24,052.60 पर खुलकर 24,081.70 का इंट्रा-डे हाई तो 23,882.05 का लो बनाया।

मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 165.68 अंक या 0.21 प्रतिशत गिरकर 77,103.72 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 50 66.70 अंक या 0.28 प्रतिशत गिरकर 24,052.60 पर खुला। वहीं बैंक निफ्टी सूचकांक 187.20 अंक या 0.34 प्रतिशत गिरकर 54,691.30 पर खुला।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/west-bengal-investment-potential/

इस दौरान व्यापक बाजारों में तेजी देखने को मिली। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.28 प्रतिशत और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.17 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी बैंक, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज का प्रदर्शन खराब रहा, वहीं निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी फार्मा और निफ्टी आईटी का प्रदर्शन बेहतर रहा।

निफ्टी 50 पैक में से 16 शेयरों को छोड़कर बाकी सभी लाल निशान में बंद हुए, जिसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंडाल्को, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी लाइफ, नेस्ले इंडिया और बजाज फाइनेंस के शेयरों में तेजी देखने को मिली, जबकि आईसीआईसीआई बैंक, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, कोल इंडिया, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, जेएसडब्ल्यू स्टील और इटरनल के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

वैश्विक स्तर पर, एशियाई बाजारों में गिरावट देखी गई, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार में रात भर में गिरावट आई, और एसएंडपी 500 रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गया।

अमेरिका-ईरान युद्ध में तनाव बढ़ने से चार सप्ताह से चल रहा नाजुक संघर्ष विराम टूटने की कगार पर पहुंच गया है। अचानक शुरू हुई गोलीबारी में अब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भी शामिल हो गया है, जिससे क्षेत्र में फिर से अराजकता फैल गई है और ईरानी ठिकानों पर तत्काल जवाबी हमले करने की मांग उठ रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा और कहा कि अगर ईरान मालवाहक जहाजों की रक्षा करने वाले अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाता है तो उसे ‘धरती के नक्शे से मिटा दिया जाएगा’। इससे बाजार की भावना पर नकारात्मक असर पड़ा और वैश्विक बाजार समेत घरेलू बाजार में दबाव देखने को मिला।

Exit mobile version