Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका-ईरान तनाव का असर कमोडिटी बाजार पर, सुरक्षित निवेश के रूप में सोना-चांदी की मांग बढ़ी

Gold Silver Demand Amid US Iran Tension

Gold Silver Demand Amid US Iran Tension

ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर वैश्विक कमोडिटी बाजार पर दिखने लगा है। सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 9:48 बजे सोने के 2 अप्रैल के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 291 रुपये यानी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 1,55,105 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जबकि चांदी 1,690 रुपये यानी 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,43,083 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। वैश्विक अनिश्चितता के समय सोना और चांदी पारंपरिक रूप से सुरक्षित निवेश माने जाते हैं, इसलिए इनकी मांग बढ़ जाती है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का रुख देखने को मिला। COMEX पर खबर लिखे जाने तक सोना 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,009 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 77.815 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

बीते एक वर्ष में वैश्विक अस्थिरता के चलते सोने की कीमत में लगभग 70 प्रतिशत और चांदी में करीब 132 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई है।

दिलचस्प बात यह है कि यह तेजी ऐसे समय आई है जब डॉलर इंडेक्स भी मजबूत बना हुआ है और 98 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर सोने और चांदी पर दबाव देखा जाता है, लेकिन मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव ने इस प्रवृत्ति को कमजोर किया है।

वहीं, बढ़ते तनाव का असर कच्चे तेल पर भी दिखा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 72 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड लगभग 66.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जिसमें पिछले एक सप्ताह में करीब 7 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।

Exit mobile version