Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका-ईरान तनाव कम होते ही शेयर बाजार में उछाल, 3% से ज्यादा की तेजी

US Iran Tension Market Rally

US Iran Tension Market Rally

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते के चलते हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार जबरदस्त तेजी के साथ हरे निशान में खुला। इस दौरान निफ्टी50 और सेंसेक्स में 3 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई।

सेंसेक्स 2674.05 अंक या 3.58 प्रतिशत बढ़कर 77,290.63 पर खुला, तो वहीं निफ्टी 50 ने दिन की शुरुआत 731.50 अंक या 3.2 प्रतिशत उछलकर 23,855.15 पर की।

हालांकि खबर लिखे जाने तक (सुबह 9.32 बजे के करीब) सेंसेक्स 3.56 प्रतिशत यानी 2658.73 अंकों की बढ़त के साथ 77,275.31 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि निफ्टी50 3.34 प्रतिशत यानी 772.95 अंकों की तेजी के साथ 23,896.60 पर कारोबार कर रहा था।

गौरतलब है कि बाजार में यह तेजी ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की स्थिति में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद आई है। इससे पहले दोनों कारोबारी सत्रों में बाजार में गिरावट देखी गई।

शुरुआती कारोबार में सभी क्षेत्रों में तेजी देखने को मिली और सभी शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। क्षेत्रवार देखें तो रियल एस्टेट, ऑटो, बैंकिंग और फार्मा कंपनियों के शेयरों में 6 प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/oneplus-nord-6-launched-in-india/

व्यापक बाजार में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 3.25 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 3.22 प्रतिशत की तेजी दर्जी की गई। इसके साथ ही लार्जकैप सूचकांकों में भी बढ़त देखी गई। वहीं, इंडिया वीआईएक्स में 19 प्रतिशत की गिरावट आई।

निफ्टी50 पैक में इंडिगो, एलएंडटी, श्रीराम फाइनेंस, अदाणी पोर्ट्स, टीएमपीवी, एमएंडएम, अदाणी इंटरप्राइजेज, बजाज फाइनेंस और मारुति सुजुकी के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई और ये टॉप गेनर्स में शामिल रहे। इसके विपरीत कोल इंडिया, ओएनजीसी, टेक महिंद्रा, विप्रो, सन फार्मा और हिंडाल्को के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

इसके अलावा, आज व्यापारी और निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्त वर्ष 2027 के लिए पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा पर भी बारीकी से नजर रखेंगे।

विश्लेषकों के अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक चिंताओं और विदेशी पूंजी के लगातार निकासी के बीच अस्थिरता बने रहने की संभावना है।

विश्लेषकों ने कहा, “व्यापारियों को जोखिम प्रबंधन पर सख्ती बरतते हुए, गिरावट आने पर खरीदारी करने या विशिष्ट स्टॉक के शेयरों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी जाती है। आईटी, बैंकिंग और तेल से जुड़े प्रमुख क्षेत्रों पर नजर रखने की जरूरत है, क्योंकि निकट भविष्य में अस्थिरता और वैश्विक संकेत बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि “यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत होता है, तो मैं ईरान पर बमबारी और हमले को दो सप्ताह के लिए निलंबित करने पर सहमत हूं। यह दोतरफा युद्धविराम होगा।”

Exit mobile version