Site icon Dainik Savera Times

November में वाहनों की खुदरा बिक्री रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंची: FADA

देश में वाहनों की खुदरा बिक्री में नवंबर माह में जोरदार उछाल आया है और यात्री वाहन, दोपहिया वाहन तथा वाणिज्यिक वाहनों के पंजीयन में भी विशेष तेजी रही है। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। नवंबर में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 23,80,465 इकाई रही। यह नंवबर, 2021 के 18,93,647 इकाई के आंकड़े से 26 प्रतिशत अधिक है। फाडा के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने बयान में कहा, ‘‘नवंबर 2022, भारतीय वाहन उद्योग के इतिहास में सर्वाधिक खुदरा बिक्री वाला महीना बन गया है।

इससे पहले मार्च 2020 एक अपवाद था जब खुदरा बिक्री बीएस-4 का स्थान बीएस-6 द्वारा लिए जाने के कारण बढ़ी थी।’’ उन्होंने कहा कि त्योहारी मौसम के खत्म होने और विवाह का मौसम शुरू होने से बिक्री में गति बनी हुई है।पिछले महीने यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 21 प्रतिशत बढक़र तीन लाख इकाई के पार पहुंच गई। इसका कारण मॉडलों की बेहतर उपलब्धता, नए वाहन बाजार में आना और ग्रामीण इलाकों से मांग आना है।

पिछले महीने यात्री वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 3,00,922 इकाई रही है जो नवंबर 2021 में 2,48,052 इकाई थी। इसी तरह दोपहिया वाहनों का पंजीकरण पिछले महीने 24 प्रतिशत के उछाल के साथ 18,47,708 इकाई पर पहुंच गया। यह आंकड़ा नवंबर, 2021 में 14,94,797 इकाई रहा था। नवंबर में वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री 33 प्रतिशत बढक़र 79,369 इकाई रही। एक साल पहले समान महीने में यह 59,765 इकाई रही थी। नवंबर, 2022 में तिपहिया और ट्रैक्टर की बिक्री में क्रमश: 81 प्रतिशत और 57 प्रतिशत का उछाल आया।

Exit mobile version