
नई दिल्ली: टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) को शेयर बाजार बंद होने के बाद बड़ा झटका लगा है। कंपनी ने गुरुवार को एक्सचेंज को जानकारी दी कि उसे GST विभाग की ओर से 638 करोड़ रुपये का टैक्स और पेनल्टी नोटिस मिला है।
कंपनी के अनुसार यह नोटिस CGST एक्ट, 2017 की धारा 74 के तहत जारी किया गया है। यह आदेश अहमदाबाद साउथ के एडिशनल कमिश्नर, सेंट्रल GST के कार्यालय की ओर से दिया गया है। GST विभाग का आरोप है कि Vodafone Idea ने टैक्स का कम भुगतान (Short Payment) किया और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का जरूरत से ज्यादा फायदा उठाया। इसी वजह से कंपनी पर टैक्स, ब्याज और पेनल्टी लगाई गई है। कुल मिलाकर यह राशि 638 करोड़ रुपये तक पहुंचती है।
Vodafone Idea ने साफ कहा है कि वह इस आदेश से सहमत नहीं है। कंपनी का कहना है कि यह नोटिस गलत है और वह इसके खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाएगी। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह अपने सभी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगी और निवेशकों को समय-समय पर अपडेट देती रहेगी। कंपनी ने यह भी बताया कि इस आदेश का असर फिलहाल टैक्स, ब्याज और पेनल्टी तक ही सीमित रहेगा।
इस खबर से पहले गुरुवार को Vodafone Idea का शेयर 8.09% की तेजी के साथ 11.63 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में करीब 45% की बढ़त दर्ज की गई है। अब निवेशकों की नजर इस बात पर टिकी है कि कंपनी इस टैक्स विवाद को कैसे सुलझाती है।