Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

वोडाफोन आइडिया 2,075 करोड़ रुपये में आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी को बेचेगी तरजीही शेयर

April 7, 2024

वोडाफोन आइडिया 2,075 करोड़ रुपये में आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी को बेचेगी तरजीही शेयर

नई दिल्ली: वोडाफोन आइडिया के निदेशक मंडल ने शनिवार को आदित्य बिड़ला समूह की इकाई को 2,075 करोड़ रुपये के तरजीही शेयर बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। निदेशक मंडल ने ओरियाना इन्वेस्टमेंट्स को 14.87 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की दर से 10 रुपये अंकित मूल्य के 1,39,54,27,034 इक्विटी शेयर जारी करने की मंजूरी दे दी। इस प्रकार इन शेयरों के लिए कुल 2,075 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। आदित्य बिड़ला समूह ओरियाना इन्वेस्टमेंट्स के प्रवर्तकों में से एक है।

आईसीडीआर के नियमों के अनुरूप तरजीही शेयरों की न्यूनतम कीमत निर्धारित करने के लिए प्रासंगिक तारीख 8 अप्रैल है। शुक्रवार, 5 अप्रैल को बाजार बंद होते समय वोडाफोन आइडिया के शेयर 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 13.32 रुपये प्रति शेयर पर रहे।

निदेशक मंडल ने कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी को मौजूदा 75 हजार करोड़ रुपये (70 हजार करोड़ रुपये की इक्विटी शेयर पूंजी और पांच हजार करोड़ रुपये की वरीयता शेयर पूंजी में विभाजित) से बढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपये (95 हजार करोड़ रुपये की इक्विटी और पांच हजार करोड़ रुपये की वरीयता शेयर पूंजी में विभाजित) करने की भी मंजूरी दी।

निदेशक मंडल द्वारा पारित इन प्रस्तावो को मंजूरी देने के लिए बुधवार, 8 मई को कंपनी की एक असाधारण आम बैठक बुलाई गई है।

इससे पहले, फरवरी में, वोडाफोन आइडिया के निदेशक मंडल ने इक्विटी और इक्विटी-लिंक्ड इंस्ट्रूमेंट्स के संयोजन के माध्यम से 20 हजार करोड़ रुपये तक के फंड जुटाने को मंजूरी दी थी।

इक्विटी और ऋण के संयोजन के माध्यम से कंपनी लगभग 45 हजार करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। उसका बैंक कर्ज फिलहाल 4,500 करोड़ रुपये से कम है। इक्विटी और ऋण से जुटाई गई पूंजी का निवेश 4जी कवरेज, 5जी नेटवर्क रोलआउट और क्षमता विस्तार के महत्वपूर्ण में किया जायेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें