Site icon Dainik Savera Times

WhatsApp ने भारत में अप्रैल में 71 लाख से ज्यादा अकाउंट किए बैन, जाने वजह

नई दिल्ली: व्हाट्सएप ने देश के कानूनों का उल्लंघन करने के लिए अप्रैल महीने में भारत में 71 लाख से ज्यादा अकाउंट बैन कर दिए। कंपनी ने शनिवार को कहा, “बैन किए गए 7,182,000 व्हाट्सएप अकाउंट में से 1,302,000 को यूजर्स की ओर से कोई रिपोर्ट मिलने से पहले ही एक्टिव रूप से ब्लॉक कर दिया गया।”

मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के भारत में 550 मिलियन से ज्यादा यूजर्स हैं। उसे देश भर से 10 हजार 554 शिकायतें प्राप्त हुईं और जिन पर कार्रवाई की गई उनकी संख्या मात्र छह थी।

नए भारतीय आईटी नियम 2021 के अनुसार, इसकी मासिक अनुपालन रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सएप को देश में शिकायत अपीलीय समिति से भी दो आदेश मिले और उसने दोनों का अनुपालन किया।

कंपनी ने कहा, “हम अपने काम में पारदर्शिता बनाए रखेंगे। भविष्य की रिपोर्टों में अपने प्रयासों के बारे में जानकारी शामिल करेंगे।”

ज्ञात हो कि मार्च में व्हाट्सएप ने भारत में 79 लाख से ज्यादा अकाउंट को बैन कर दिया था। मार्च में प्लेटफॉर्म को रिकॉर्ड 12,782 शिकायतें मिली थी और इनमें से 11 पर कार्रवाई की गई।

कंपनी इन प्रयासों की देखरेख के लिए इंजीनियरों, डेटा वैज्ञानिकों, विश्लेषकों, शोधकर्ताओं और कानून प्रवर्तन, ऑनलाइन सुरक्षा और प्रौद्योगिकी विकास के विशेषज्ञों की एक टीम को नियुक्त करती है।

व्हाट्सएप ने कहा कि हम यूजर्स की प्रतिक्रिया पर पूरा ध्यान देते हैं। गलत सूचना को रोकने, साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने और चुनावी निष्पक्षता को बनाए रखने में विशेषज्ञों के साथ जुड़ते हैं।

Exit mobile version