Site icon Dainik Savera Times

India की G20 अध्यक्षता के दौरान खाद्य सुरक्षा के समक्ष मौजूद चुनौतियों से निपटेंगे: US

वांशिगटन: अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने बृहस्पतिवार को अफ्रीकी नेताओं से कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान खाद्य सुरक्षा को लेकर जारी चुनौतियों का समाधान किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा पर अमेरिकी-अफ्रीकी नेताओं के शिखर सम्मेलन ‘अमेरिका-अफ्रीका लीडर्स समिट : हेड्स स्टेट सेशन ऑन फूड सिक्योरिटी’ में येलेन ने कहा, ‘‘जी20 देशों के नेताओं ने हाल ही में एक मजबूत वैश्विक खाद्य सुरक्षा प्रतिक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान हम किसी भी कमी की पहचान करने और खाद्य एवं ऊर्जा असुरक्षा के अप्रत्यक्ष प्रभावों का विश्लेषण करने के लिए मौजूदा नीति प्रतिक्रियाओं का मानचित्रण करेंगे और विचार करेंगे कि इन चुनौतियों का समाधान करने के लिए जी20 अर्थव्यवस्थाओं द्वारा ‘मैक्रो-पॉलिसी टूल्स’ का उपयोग कैसे किया जा सकता है।’’ अमेरिका की वित्त मंत्री पिछले महीने अपनी भारतीय समकक्ष निर्मला सीतारमण के साथ द्विपक्षीय बैठकों के लिए भारत आई थीं।

भारत वर्तमान में जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। इससे पहले, दिन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि उनके देश ने अफ्रीका में खाद्य असुरक्षा के जवाब में मजबूत और तेज प्रतिक्रिया दी है और आगे भी ऐसा करता रहेगा। येलेन ने कहा, ‘‘हम लोग यह आपके और अफ्रीकी नेताओं के साथ भागदारी में तथा द्विपक्षीय और बहुपक्षीय माध्यमों से कर रहे हैं।’’

ये भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर बने नए टी20 कप्तान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका… टीम इंडिया का ऐलान

Exit mobile version