Site icon Dainik Savera Times

शहरों में घर खरीदने वालों को कर्ज पर ब्याज में राहत के लिए अगले महीने लाएंगे योजना

 

दिल्ली : केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि शहरों में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों को गृह ऋण पर ब्याज में राहत देने के लिए अगले महीने यानी सितंबर में एक योजना लाई जाएगी। पुरी ने कहा कि अभी इस योजना के तौर-तरीकों पर काम किया जा रहा है।

केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने कहा, शहरों में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों को कर्ज पर ब्याज में राहत देने के लिए सितंबर में योजना पेश की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में शहरों में रह रहे ऐसे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए योजना की घोषणा की थी, जिनके पास अपना घर नहीं है।

मोदी ने लाल किले पर अपने संबोधन में कहा था, मध्यमवर्गीय परिवारों का शहरों में अपने घर का सपना होता है। हम जल्द ही इसके लिए योजना लाएंगे। उन्होंने कहा था, हमने किराए के घरों, अनधिकृत बस्तियों और झोपड़पट्टियों में रहने वाले परिवारों को अपना घर बनाने के लिए बैंक कर्ज पर ब्याज में राहत देने का निर्णय लिया है।

ये भी पढ़ें: MI vs LSG, IPL 2026: मुंबई ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, लखनऊ पहले करेगी बल्लेबाजी (प्लेइंग 11)

Exit mobile version