Site icon Dainik Savera Times

X ने ब्राजील में अपना संचालन बंद करने की घोषणा की, सेवा रहेगी जारी

सैन फ्रांसिस्को: एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स ने शनिवार को अपने “कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर” ब्राजील में अपना परिचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने की घोषणा की। हालांकि, देश में एक्स सेवा उपलब्ध रहेगी। टेक अरबपति ने कहा कि ब्राजील के न्यायाधीश एलेक्जेंडर डी मोरेस की मांगों को पूरा करने के लिए “हमें (गुप्त रूप से) ब्राजील, अर्जेंटीना, अमेरिकी और अंतर्राष्ट्रीय कानून तोड़ने की आवश्यकता होगी।

इस कारण एक्स के पास ब्राजील में अपना स्थानीय संचालन बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है”। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने दावा किया कि न्यायाधीश ने ब्राजील में उसके एक कानून प्रतिनिधि को गुप्त रूप से धमकी दी कि यदि वह अपने प्लेटफॉर्म से कुछ सामग्री हटाने के कानूनी आदेशों का पालन नहीं करता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक्स ने कहा, “कल (शुक्रवार) रात, एलेक्जेंडर डी मोरेस ने ब्राजील में हमारे कानूनी प्रतिनिधि को धमकी दी कि अगर हम उनके सेंसरशिप आदेशों का पालन नहीं करते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने एक गुप्त आदेश में ऐसा किया, जिसे हम उनके कार्यों को उजागर करने के लिए यहां साझा कर रहे हैं।

प्लेटफॉर्म ने आगे दावा किया कि मोरेस ने कानून या उचित प्रक्रिया का सम्मान करने की बजाय ब्राजील में उसके कर्मचारियों को धमकाने का विकल्प चुना। कंपनी ने कहा, “परिणामस्वरूप, अपने कर्मचारियों की सुरक्षा की रक्षा के लिए हमने ब्राजील में अपने संचालन को तुरंत प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। एक्स सेवा ब्राजील के लोगों के लिए उपलब्ध है।” एक्स ने कहा कि न्यायाधीश की कार्रवाई लोकतांत्रिक सरकार के अनुरूप नहीं है।

सोशल मीडिया कंपनी ने पोस्ट किया, “ब्राजील के लोगों के पास चुनने के लिए एक विकल्प है – लोकतंत्र या एलेक्जेंडर डी मोरेस।” मस्क द्वारा संचालित प्लेटफॉर्म ने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट में उसकी कई अपीलों पर सुनवाई नहीं होने, ब्राजील की जनता को इन आदेशों के बारे में सूचित नहीं किए जाने और हमारे ब्राजील के कर्मचारियों के पास इस बात की कोई जिम्मेदारी या नियंत्रण नहीं होने के बावजूद कि हमारे प्लेटफॉर्म पर सामग्री को ब्लॉक किया जाए या नहीं, मोरेस ने यह रास्ता अपनाया है।

ये भी पढ़ें: एस जयशंकर बोले, भारत-न्यूजीलैंड FTA एक ऐतिहासिक कदम

Exit mobile version