Site icon Dainik Savera Times

Year Ender 2026: दुनिया में बढ़ा भारत का व्यापारिक दबदबा, कई देशों के साथ FTA से खुले नए बाजार

Year Ender 2026 India Global Trade

Year Ender 2026 India Global Trade

नई दिल्ली: साल 2026 भारत की वैश्विक व्यापार कूटनीति के लिहाज से काफी अहम रहा। देश ने इस साल विकसित अर्थव्यवस्थाओं के साथ अपने व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में कई बड़े कदम उठाए। इसमें न्यूजीलैंड के साथ नए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर से लेकर यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ लंबे समय से चल रही बातचीत पूरी करने और ब्रिटेन एवं ओमान के साथ पहले हुए एफटीए को लागू करना शामिल हैं।

इन समझौतों का मकसद भारतीय निर्यात को नए बाजार उपलब्ध कराना, घरेलू उद्योगों को वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ना, निवेश आकर्षित करना और भारतीय पेशेवरों के लिए विदेशों में नए अवसर पैदा करना है।

2026 की शुरुआत में 27 जनवरी को भारत और यूरोपीय संघ में मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत पूरी हुई। इस समझौते को दोनों पक्षों की ओर से ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहा गया। इस डील के तहत यूरोपीय संघ की 97 फीसदी टैरिफ लाइनों तक भारत को बाजार पहुंच मिलेगी। इससे टेक्सटाइल, लेदर, फुटवियर, जेम्स एंड ज्वेलरी, चाय, कॉफी, मसाले और खिलौना उद्योग को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसमें भारत ने अपने डेयरी, मांस, पोल्ट्री और अनाज जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को संरक्षण दिया गया है।

हालांकि, यह समझौता अभी लागू होना बाकी है। दिसंबर में भारत-ईयू जल्द इस पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। वहीं, भारत और अमेरिका के बीच 7 फरवरी 2026 को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक बाधाओं को कम करना और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की दिशा में आगे बढ़ना है। फिलहाल दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है और व्यापक समझौता होना बाकी है।

इसके अलावा, भारत और न्यूजीलैंड के बीच एफटीए पर 27 अप्रैल, 2026 को हस्ताक्षर किए गए थे। यह 20 अक्टूबर, 2026 से लागू हो चुका है। यह समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके तहत न्यूजीलैंड ने भारत के 100 फीसदी निर्यात पर पहले दिन से शून्य शुल्क यानी जीरो ड्यूटी मार्केट एक्सेस देने का प्रावधान किया है।

इससे टेक्सटाइल, लेदर, फुटवियर, इंजीनियरिंग उत्पाद, कृषि प्रसंस्करण और अन्य क्षेत्रों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इस समझौते में न्यूजीलैंड की ओर से भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश को सुविधाजनक बनाने की प्रतिबद्धता और भारतीय कुशल पेशेवरों के लिए सालाना 5,000 अस्थायी रोजगार वीजा का प्रावधान भी शामिल हैं। 2026 में देश ने 2025 में हुए भारत-ब्रिटेन एफटीए और भारत-ओमान एफटीए को भी लागू किया गया है।

भारत-ब्रिटेन के बीच एफटीए पर 24 जुलाई, 2025 को हस्ताक्षर किए गए थे। यह 15 जुलाई, 2026 को लागू हुआ था। इसके तहत भारत के करीब 99 फीसदी निर्यात को ब्रिटेन में शून्य शुल्क पर बाजार पहुंच प्राप्त हुई। इससे टेक्सटाइल, फुटवियर, चमड़ा, इंजीनियरिंग और अन्य श्रम आधारित उद्योगों को लाभ हुआ। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन भी 15 जुलाई से लागू हुआ। इसके तहत पात्र अस्थायी कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा अंशदान से छूट की अवधि तीन साल से बढ़ाकर पांच साल कर दी गई।

खाड़ी देश ओमान के साथ भारत ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) पर 18 दिसंबर, 2025 को हस्ताक्षर किए थे। यह 1 जून, 2026 से लागू हो गया है। ओमान ने टेक्सटाइल और परिधान की सभी 945 टैरिफ लाइनों पर तत्काल शुल्क मुक्त पहुंच दी। पहले इन पर 5 प्रतिशत शुल्क लगता था। इसके अलावा,भारत ने फरवरी 2026 में गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) के साथ मुक्त व्यापार समझौते की औपचारिक बातचीत शुरू करने की दिशा में कदम उठाया था। जीसीसी में सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं।

Exit mobile version