चंडीगढ़: हरियाणा के गांवों और घरों की रसोई से शुरू हुआ महिलाओं का हुनर अब बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों की करीब 50 महिला उद्यमी और सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाएं 21 अगस्त को चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में अपने उत्पादों के साथ सफलता की कहानी साझा करेंगी। फूड प्रोसेसिंग और खाद्य सामग्री के क्षेत्र में काम कर रहीं महिलाओं को कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इनमें से शीर्ष तीन प्रतिभागियों को वित्तीय प्रोत्साहन भी मिलेगा।
यह पहल हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के संरक्षण में महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म के कार्यक्रम ‘देसी क्रेविंग’ के तहत होगा।
‘देसी क्रेविंग’ की संस्थापक सदस्य रुचिता बंसल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के पास हुनर के साथ गुणवत्तापूर्ण उत्पाद भी हैं, लेकिन बाजार और ग्राहकों से सीधा जुड़ाव नहीं होने के कारण उनका कारोबार सीमित रह जाता है। कार्यक्रम के जरिए इन महिलाओं को खरीदारों और स्थायी ग्राहक नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बाजार की समझ भी मिलेगी: कार्यक्रम में महिलाओं को उत्पादों की मार्केटिंग, बिक्री बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी दी जाएगी। रुचिता बंसल के अनुसार हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। कार्यक्रम में कई राजनीतिक और प्रशासनिक अधिकारी भी महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

