चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने आज कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का वादा किया था, लेकिन अब भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार राज्य के किसानों की जमीन हड़प रही है।
यहां एक बयान में अर्शदीप कलेर ने कहा कि यह देखकर हैरानी होती है कि आप सरकार ने एक नई नीति पेश की है, जिसके तहत वह कृषि भूमि का अधिग्रहण करके उसे बिल्डरों और डेवलपर्स को बेचने जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा संशोधित भूमि पूलिंग नीति से उन व्यापारियों को लाभ होगा जो देश के अन्नदाता राज्य के किसानों की उपजाऊ भूमि पर कॉलोनियां विकसित करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि अंतत: नई नीति के तहत सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को होगा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती शिअद सरकार द्वारा अपनाई गई भूमि पूलिंग नीति किसानों के सर्वोत्तम हित में थी, क्योंकि इसने एक अच्छा अधिग्रहण मूल्य सुनिश्चित किया था जिसका उद्देश्य किसानों का भविष्य सुरक्षित करना था।
उन्होंने कहा कि यह देखना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसानों को चांद देने का वादा करने वाली मौजूदा आप सरकार अब उनसे औने-पौने दामों पर उपजाऊ जमीन छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में शिअद किसानों के साथ खड़ा रहेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि उनकी जमीन उनसे जबरन न छीनी जाए।

