Site icon Dainik Savera Times

चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा बने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश

justice

पंजाब सरकार के विरोध के बीच ली शपथ

चंडीगढ़ः पंजाब सरकार के विरोध के बीच जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने सोमवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पंजाब के गवर्नर हाउस में आयोजित किया गया। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर कई बड़े अधिकारी और नेता भी मौजूद रहे।

समारोह में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पंजाब के मुख्य सचिव केपी सिन्हा भी मौजूद रहे। इसके अलावा हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी समारोह में हिस्सा लिया। जस्टिस मिश्रा के शपथ लेने के साथ ही उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया।

पंजाब सरकार ने नियुक्ति का किया था विरोध
जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति को लेकर पंजाब सरकार ने पहले ही आपत्ति जताई थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में रविवार को हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में इस मुद्दे पर प्रस्ताव पास किया गया था। कैबिनेट ने मांग की थी कि जब तक पंजाब सरकार की सहमति नहीं ली जाती, तब तक जस्टिस मिश्रा का शपथ ग्रहण नहीं कराया जाना चाहिए।

सरकार ने प्रक्रिया का पालन नहीं होने का लगाया आरोप
पंजाब सरकार का कहना है कि जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति के मामले में तय प्रक्रिया का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, नियुक्ति से पहले राज्य सरकार से राय मांगी गई थी। हालांकि, पंजाब सरकार का जवाब आने से पहले ही जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी गई। पंजाब सरकार ने इसी बात को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि राज्य की राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।

कैबिनेट में क्या हुआ था फैसला
रविवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद सरकार ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। कैबिनेट का कहना था कि राज्य सरकार से राय लेने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए था। सरकार ने यह भी मांग की थी कि उसकी सहमति मिलने तक शपथ ग्रहण की प्रक्रिया को आगे न बढ़ाया जाए।

विरोध के बावजूद हुआ शपथ ग्रहण
पंजाब सरकार के विरोध और कैबिनेट के प्रस्ताव के बावजूद सोमवार को जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ले ली। इस तरह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति पर शपथ ग्रहण के साथ औपचारिक रूप से मुहर लग गई।

 

Exit mobile version