Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

चंडीगढ़ में इन सेक्टर पर लगेगा पेट्रोल का लंगर, लोगों को मुफ्त में मिलेगा ईंधन

August 18, 2026

चंडीगढ़ में इन सेक्टर पर लगेगा पेट्रोल का लंगर, लोगों को मुफ्त में मिलेगा ईंधन

न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ से एक अनोखी खबर सामने आई है। शहर में आज लोगों को मुफ्त पेट्रोल देने के लिए ‘पेट्रोल लंगर’ लगाया जा रहा है। यह लंगर अमृतसर निवासी राकेश त्रेहन की ओर से लगाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को कूपन दिए जाएंगे, जिनकी मदद से वे अपने वाहनों में मुफ्त पेट्रोल भरवा सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, यह आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित सिद्धू पेट्रोल पंप और सेक्टर-10 स्थित ओबराय पेट्रोल पंप पर किया जाएगा। राकेश त्रेहन शाम करीब 5 बजे सेक्टर-10 के पेट्रोल पंप पर 500 और 1,000 रुपये के कूपन बांटेंगे। इन कूपनों के जरिए लोग तय राशि तक का पेट्रोल मुफ्त में भरवा सकेंगे।

पहले भी लगा चुके हैं कई तरह के लंगर

राकेश त्रेहन इससे पहले भी अमृतसर और चंडीगढ़ में अलग-अलग तरह के लंगर आयोजित कर चुके हैं। लोगों के बीच उन्हें ‘दानवीर कर्ण’ और ‘राजा दी किंग’ जैसे नामों से भी जाना जाता है। कुछ समय पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-8 में लगाए गए एक लंगर में उन्होंने लोगों को 500-500 रुपये के नोट देने के साथ-साथ फास्ट फूड, मैकडॉनल्ड्स के बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी उपलब्ध कराई थी।

खुद को माता का भक्त बताते हैं राकेश

राकेश त्रेहन खुद को माता का भक्त बताते हैं। उनका कहना है कि उन पर महामाई की कृपा है और इसी वजह से वह समय-समय पर जरूरतमंदों और लोगों की सेवा के लिए इस तरह के लंगर लगाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिनके पास कोई वाहन नहीं है, वे पेट्रोल के कूपन लेने के लिए न आएं, ताकि जिन लोगों को वास्तव में इसकी जरूरत है, उन्हें इसका लाभ मिल सके।

बिटकॉइन से होने वाले मुनाफे का हिस्सा सेवा में खर्च

मिली जानकारी के मुताबिक, राकेश त्रेहन के पिता अमृतसर में कपड़े का कारोबार करते थे। राकेश खुद बिटकॉइन से जुड़े कारोबार में हैं। बताया गया है कि वह बिटकॉइन से होने वाले मुनाफे का एक हिस्सा लोगों की सेवा और ऐसे आयोजनों पर खर्च करते हैं। राकेश त्रेहन का कहना है कि पेट्रोल लंगर के बाद उनका अगला लक्ष्य आईफोन का लंगर लगाने का है। उनका यह अनोखा तरीका सोशल मीडिया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें