
लुधियाना: 40 वर्षीय पड़ोसी ने स्कूल छोड़ने के बहाने 15 वर्षीय नाबालिगा से कार में रेप किया। उसने नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक में नशा दिया और फिर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। इसके बाद आरोपी ने नाबालिगा को इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकियां दी। इसके बाद अर्ध बेहोशी की हालत में वह नाबालिगा को रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित की मां के बयानों पर थाना जमालपुर की पुलिस ने जतिंदर सिंह उर्फ सन्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। आरोपी को रविवार को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
पीड़िता ने बताई पूरी वारदात
पुलिस ने यह मामला पीड़िता की मां के बयानो पर दर्ज किया है। उसकी मां का कहना है कि उसके पति 1 साल से दुबई में रहते हैं। वह अपने दोनों बेटा-बेटी के साथ किराए के मकान में रहती है और एक संस्थान में केयर टेकर का काम करती है। उसने बताया कि उसकी बेटी आठवीं क्लास में पढ़ती है। शुक्रवार को वह रोजाना की तरह साढ़े 6 बजे स्कूल गई थी। दोपहर को किसी ने उसकी बेटी को सरकारी स्कूल, मुंडियां कलां के पीछे बेहोशी की हालत में पड़ा देखकर उसे सूचित किया। वह मौके पर पहुंची तो देखा उसकी बेटी बेहोशी की हालत में वहां पड़ी है। वह उसे उठाकर घर ले आई। हालत बारे पूछने पर उसकी बेटी ने वारदात के बारे में बताया।
उसने कहा कि वह स्कूल जा रही थी। तभी पहले उनके पड़ोस में रहने वाला जतिंदर सिंह सन्नी, रास्ते में मिल गया। उसने उसे स्कूल छोड़ने की बात कही और अपनी ईनोवा कार में बैठा लिया। नाबालिगा ने बताया कि आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी। कोल्ड ड्रिंक पीते ही उस पर बेहोशी छाने लगी। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसने इस बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह उसे स्कूल के पीछे छोड़ गया लेकिन तबीयत ठीक न होने के कारण वह वहीं बेहोश होकर गिर गई।
आरोपी पहले भी उसकी बेटी का करता था पीछा
नाबालिगा की मां का कहना है कि आरोपी पहले भी उसकी बेटी का पीछा करता था। उसने इस बारे में पहले भी उसे रोका था। पीड़ित की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की और आरोपी जतिंदर सिंह सन्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के ए.डी.सी.पी.-4 मंदीप सिंह का कहना है कि पीड़िता की मां के बयानों पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है।