Site icon Dainik Savera Times

नहीं करना चाहती थी शादी, प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर के खिलाफ उठाया ऐसा कदम सभी हुए हैरान

along with her lover she kidnapped her fiance

along with her lover she kidnapped her fiance

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर का अपहरण कराने के आरोप में पुलिस ने एक युवती और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है तथा एक आरोपी फरार है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जामुल थाना क्षेत्र में टोकेश साहू का अपहरण करने के आरोप में पुलिस ने हेम कुमारी साहू, उसके कथित प्रेमी दुर्गेश साहू और अमित वर्मा उर्फ राजा को महाराष्ट्र के नागपुर शहर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक हेम कुमारी छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ तथा दुर्गेश और अमित बेमेतरा जिले के निवासी हैं। तीनों नागपुर में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि टोकेश के मित्र भूपेंद्र यादव ने पुलिस को सूचना दी कि 18 मार्च को जब वह रात लगभग 10.30 बजे अपने मित्र टोकेश साहू के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर घर जा रहा था तो जामुल क्षेत्र के बोगदा पुल के करीब एक कार में सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

यादव ने पुलिस को बताया कि कार के रूकते ही तीन-चार युवक उससे उतरे और उन्होंने टोकेश साहू की पिटाई शुरू कर दी। बाद में युवकों ने टोकेश का अपहरण कर लिया और उसे पड़ोसी बेमेतरा जिले ले गए। दूसरे दिन टोकेश किसी तरह उनके चुंगल से निकलने में कामयाब हो गया।

आरोपी बंटी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यादव की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो अपहरण में उपयोग की गई कार के बारे में जानकारी मिली। कार की जानकारी के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर शहर से दुर्गेश साहू को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने दुर्गेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह हेम कुमारी से प्रेम करता है।

हेम कुमारी की शादी टोकेश साहू के साथ तय हुयी थी लेकिन हेम कुमारी, टोकेश से शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस ने बताया कि हेम कुमारी ने मंगेतर टोकेश साहू का बायोडाटा और फोटो अपने प्रेमी दुर्गेश साहू को दिया तथा दुर्गेश और हेम कुमारी ने टोकेश के अपहरण का षड़यंत्र रचा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की रात में दुर्गेश साहू अपने मित्र, अमित वर्मा और बंटी के साथ नागपुर से एक कार में सवार होकर जामुल स्थित बोगदा पुल पहुंचा और टोकेश का अपहरण कर लिया और उसे बेमेतरा ले गए। लेकिन इस बीच मौका मिलते ही टोकेश वहां से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने टोकेश के अपहरण के आरोप में दुर्गेश साहू, अमित वर्मा और हेम कुमारी को नागपुर से रविवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी बंटी की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version