Site icon Dainik Savera Times

बहराइच में अमीन की चाकू मार कर हत्या, ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी पकड़ा

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच ज़िले के मटेरा क्षेत्र में नमाज पढ़ कर वापस आ रहे सींचपाल की एक युवक ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी को घेर कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार मटेरा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत अमवा मोलवी निवासी वसीम खां (55) बहराइच सिंचाई विभाग में सींचपाल/अमीन के पद पर तैनात थे। अमीन की गांव निवासी इब्राहीम उर्फ गुल्ले से रंजिश चल रही है। शुक्रवार सुबह पांच बजे वसीम खां गांव की मस्जिद में फजिर की नमाज पढ़ने के लिए गए।

जब वह नमाज पढ़कर बाहर आने लगे कि तभी वहां मौजूद इब्राहीम ने वसीम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। इस बीच मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी इब्राहीम को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष परमानंद तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को हिरासत में ले लिया और ग्रामीणों का बयान दर्ज किया। मृतक की पत्नी रेशमा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version