Site icon Dainik Savera Times

शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी; पत्नी ने कर दी पति की चाकू मारकर हत्या, मर्डर के बाद खुद पुलिस को दी जानकारी

यमुनानगर: प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव खिजरी में शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी में पति सुखबीर की हत्या उसकी पत्नी (Wife) ने कर दी। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हत्या करने की आरोपी पत्नी दीक्षा उर्फ गुड्डी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयोग चाकू, फूकनी बरामद कर लिया गया।

रविवार को उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इस मामले में मृतक के भाई सुशील कुमार के बयान पर केस दर्ज किया गया है। सुशील कुमार ने बताया कि उसके भाई 35 वर्षीय सुखबीर की शादी लगभग 13 वर्ष पहले ताहरपुर निवासी दीक्षा के साथ हुई थी। दीक्षा की दूसरी शादी थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। इस शादी से उनके पास दो बेटी व आठ वर्ष का एक बेटा है। सुखबीर सिंह चूहड़पुर स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य करता था। वह शराब का आदी था। अक्सर वह शराब पीकर घर आता, जिसको लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था।

वारदात के बाद दीक्षा ने स्वयं दी पुलिस को सूचना
2 वर्ष से दीक्षा मानसिक रोगी हो गई थी, जिस कारण घर में कलह बढ़ गई थी। कुछ दिन पहले उसने सोते हुए पति सुखबीर सिंह के हाथ पैर बैड में बांध दिए थे, जिसे बाद में परिवार के लोगों ने मुक्त कराया था। शनिवार को भी सुखबीर सिंह घर पर शराब पीकर आया। उसे नशे में देखकर दीक्षा ने गालियां देना शुरू कर दिया। उसने विरोध किया तो दीक्षा ने चाकू व फूकनी से उस पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया, जिससे वह लहुलूहान होकर गिर पड़ा।

इसके बाद दीक्षा ने स्वयं ही डायल 112 पर काल कर पुलिस को सूचना दे दी। जब पुलिस पहुंची तो सुखबीर की सांसें चल रही थी। वह उसे लेकर प्रतापनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंची, जहां से उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसकी मौत हो गई। मामले में प्रतापनगर थाना प्रभारी नर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को गिरμतार कर लिया गया। महिला के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं।

Exit mobile version