Site icon Dainik Savera Times

Andhra Pradesh : 5 साल में KIA कंपनी के 900 कार इंजन चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

900 car engines of a company stolen

900 car engines of a company stolen

पेणुकोंडा : आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले में स्थित दक्षिणी कोरियाई कंपनी किया मोटर्स के पेणुकोंडा प्लांट से लगभग 900 कार इंजन के कथित तौर पर चोरी होने का मामला सामने आया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह चोरी पिछले पांच वर्षों से हो रही थी और कंपनी ने 19 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। श्री सत्य साई जिले में ‘किया’ का कार निर्माण संयंत्र है। पेणुकोंडा के उप प्रभागीय पुलिस अधिकारी वाई वेंकटेश्वरलु ने मीडिया को बताया, यह चोरी वर्ष 2020 में शुरू हुई थी और तब से निरंतर होती रही है। हम इसकी गहराई से जांच करेंगे।

चोरी कंपनी के कर्मचारियों की मिलीभगत से हुई

वेंकटेश्वरलु के अनुसार, प्रारंभिक जांच में 900 इंजन चोरी होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि ये इंजन या तो संयंत्र के अंदर से या वहां पहुंचने के रास्ते में चुराए गए। पुलिस को संदेह है कि यह चोरी कंपनी के ही कर्मचारियों की मिलीभगत से हुई है जिसके चलते जांच को कंपनी के पूर्व और वर्तमान कर्मचारियों पर केंद्रित रखा गया है।

वेंकटेश्वरलु ने कहा, बाहरी लोगों की बात नहीं है, यह सब अंदर से हुआ है। यहां तक कि एक छोटा पुर्जा भी कंपनी की अनुमति के बिना बाहर नहीं जा सकता। हम पता कर रहे हैं कि इसमें कौन-कौन शामिल है। वेंकटेश्वरलु ने बताया कि प्राथमिक जांच में कुछ खामियों की पुष्टि हुई है और फिलहाल कंपनी के पुराने कर्मचारियों पर जांच केंद्रित है, हालांकि कुछ मौजूदा कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। इस सिलसिले में पुलिस ने विशेष टीम गठित की हैं और कई दस्तावेज व रिकॉर्ड भी जुटाए हैं। हालांकि, कंपनी के अधिकारियों से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

Exit mobile version