Site icon Dainik Savera Times

Chhattisgarh Naxal Encounter : महिला नक्सली मुठभेड़ में ढेर, 2 हफ्तों से चल रहा नक्सल विरोधी अभियान

नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पिछले दो सप्ताह से सुरक्षाबलों द्वारा एक बड़ा नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान ‘मिशन संकल्प’ नाम से जाना जा रहा है और इसे 21 अप्रैल से शुरू किया गया है। इस अभियान में कुल मिलाकर लगभग 24,000 सुरक्षाबल के जवान शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार (5 मई) को इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक महिला नक्सली मारी गई। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से महिला नक्सली का शव और एक .303 राइफल बरामद की गई है। सुरक्षाबलों को मुठभेड़ स्थल से मिले अन्य सबूतों से यह भी अनुमान है कि कुछ और नक्सली भी मारे गए या घायल हुए होंगे। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

अब तक 4 महिला नक्सलियों के शव बरामद

अधिकारियों ने बताया कि पिछले 14 दिनों के अभियान में अब तक चार महिला नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें से तीन शव 24 अप्रैल को और एक शव 5 मई को मिला है। यह अभियान बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिम सीमावर्ती जंगलों और छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के पहाड़ी और घने जंगलों में चलाया जा रहा है। यह पूरा क्षेत्र लगभग 800 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स, विशेष कार्य बल (STF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और कोबरा कमांडो के जवान शामिल हैं।

नक्सली ठिकानों पर बड़ा प्रहार

सुरक्षाबलों ने इस अभियान के दौरान अब तक सैकड़ों नक्सली ठिकानों और बंकरों को नष्ट किया है। इसके अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, राशन, दवाइयाँ, डेटोनेटर और अन्य जरूरी वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।

कुख्यात नक्सली नेता भी हो सकते हैं घायल…

मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान के दौरान नक्सलियों की केंद्रीय समिति और अन्य उच्च पदाधिकारी जैसे चंद्रना, रामचंद्र रेड्डी, सुजाता, हिडमा और बरसे देवा भी मौजूद थे। इन सभी के पीएलजीए बटालियन नंबर एक के साथ बैठक करने की सूचना थी। आशंका है कि मुठभेड़ में कुछ बड़े नक्सली नेता भी मारे गए होंगे या घायल हुए हैं। हालांकि, कठिन इलाके के कारण उनके शव नहीं मिल पाए हैं।

सुरक्षाबलों के जवान घायल, लेकिन खतरे से बाहर

अभियान के दौरान बारूदी सुरंग विस्फोटों में कोबरा, STF और DRG के कुछ जवान घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायल जवान अब खतरे से बाहर हैं और अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं।

बस्तर में पिछले 4 महीने में 129 नक्सली ढेर

अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि बस्तर क्षेत्र में चल रहे लगातार अभियानों के चलते पिछले चार महीनों में 129 हार्डकोर नक्सली मारे जा चुके हैं। बस्तर संभाग में बीजापुर समेत कुल सात जिले आते हैं।

Exit mobile version