Site icon Dainik Savera Times

इस इलाके में भाजपा नेता के गनर को लगी गोली, मौत से मचा हड़कंप 

जाैनपुर। उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता मनोज सिंह के सरकारी गनर की रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बरसठी थाना क्षेत्र के बबुरी गांव के निवासी मनोज सिंह की सुरक्षा में तैनात गनर राजेश प्रजापति (30) रविवार तड़के गोली लगने से बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, ऐसी आशंका है कि गनर अपनी बंदूक साफ कर रहा था, तभी दुर्घटनावश गोली चल गई और उसे लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने गनर के शव को कब्जे में ले लिया है। भाजपा नेता मनोज सिंह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष हैं। वह 2020 में हुए मल्हनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार थे।

Exit mobile version