नैनीताल : उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने दुकानों में तोड़फोड़ के मामले में 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक डा. जगदीश चंद्रा के अनुसार 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कोतवाली प्रभारी हेम चंद्र पंत के अनुसार अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। यहां बता दें कि एक खास समुदाय के 75 साल के बुजुर्ग द्वारा 12 साल की नाबालिग बच्ची के यौन शोषण मामले के सामने आने के बाद विगत बुधवार रात को हिन्दूवादी संगठनों में रोष फैल गया था।
लोगों ने जमकर किया प्रदर्शन
पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि आक्रोशित कुछ प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली से सटे गाड़ी पड़ाव क्षेत्र में कुछ दुकानों में तोड़ फोड़ की। दूसरी ओर पर्यटक नगरी में आज मामला शांत रहा। कुछ छिटपुट प्रदर्शन के साथ कहीं से कोई अप्रिय सूचना नहीं है। जुम्मे की नमाज को देखते हुए नैनीताल शहर और हल्द्वानी में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस की ओर से शहर में फ्लैग मार्च निकाया गया। इधर उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित बैठक में यौन शोषण की घटना को शर्मनाक बताते हुए उसकी कड़ी निंदा की गयी तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी। बार अध्यक्ष दुर्गा सिंह मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट मामला चलाया जाये और उसे कठोर सजा दी जाये। वक्ताओं ने तोड़ फोड़ की भी निंदा की।

