बिहार डेस्क: बिहार की राजधानी पटना के पारस अस्पताल में हुई चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। हत्या के बाद सभी शूटर्स बाइक पर फरार हुए थे। यही नहीं, आरोपियों ने जश्न भी मनाया था। हत्याकांड का मास्टरमाइंड कुख्यात बदमाश तौसीफ बादशाह है, जिसने साजिश रची थी। आरोपी कई बार जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि अस्पताल से पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
अभी आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार हत्याकांड को 6 बदमाशों ने अंजाम दिया था। 2 बाइक पर सवार होकर अपराधी पहुंचे थे। इसके बाद 5 शूटर अस्पताल के अंदर पहुंचे और हत्याकांड को अंजाम देकर भाग गए। तौसीफ ने कुछ समय पहले इसी अस्पताल से अपने करीबी का इलाज करवाया था, इसकी वजह से वह यहां से अच्छी तरह वाकिफ था।
गार्ड ने मांगा था पास
वहीं, आरोपी इमरजेंसी में जब घुसने वाले थे तो यहां मौजूद गार्ड ने उनसे पास की डिमांड की थी। पास नहीं होने के चलते सभी आरोपी ओपीडी के जरिए अंदर आए थे। चंदन मिश्रा कमरा नंबर 209 में दाखिल हैं, उसके कमरे का लॉक खराब है, इसके बारे में आरोपियों को पूरी जानकारी थी। पांचों ने आराम से दरवाजा खोला, चंदन मिश्रा को शूट किया और आराम से फरार हो गए थे।
चंदन मिश्रा हत्याकांड में 6 अपराधी शामिल
कल अस्पताल CCTV में दिखे 5 शूटर
5 आरोपी हॉस्पिटल में घुसे
सभी 6 शूटर की तस्वीर आई सामने
हत्या के बाद 2 बाइक पर भागे 6 अपराधी#ChandanMishrahatya #biharcrime pic.twitter.com/PkPLGeqQOy— Diksha singh (@DikshaSingh7522) July 18, 2025
3 आरोपी नामजद, 2 अज्ञात
मामले में एक नई फुटेज भी सामने आई है। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश अस्पताल से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। पारस अस्पताल के बाहर एक कैमरा लगा था। आरोपी उसमें सवा 7 बजे निकलते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले में 2 केस दर्ज किए हैं। 3 आरोपियों को नामजद किया गया है, वहीं, 2 बदमाश अज्ञात हैं।
नामजद आरोपियों की पहचान तौसीफ, बलवंत और मोनू के तौर पर हुई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है। मामले में चंदन मिश्रा के पिता मंटू मिश्रा ने अपने बयान दर्ज करवाए हैं। शास्त्रीनगर थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया है।

