Site icon Dainik Savera Times

पैंशन व संपत्ति को लेकर हुआ विवाद, माता-पिता का सिर दिवार में लड़ाया… आरोपी गिरफ्तार

कोटा। राजस्थान के बारां शहर में पेंशन और संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने माता-पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार रात नकोडा कॉलोनी में हुई जब आरोपी गगेंद्र गौतम (50) और उसके माता-पिता के बीच संपत्ति को लेकर कहासुनी हुई। वृत्त निरीक्षक (सीआई) राम विलास मीणा ने कहा कि पेंशन के पैसे और संपत्ति को लेकर बहस बढऩे के बाद गौतम ने माता-पिता के साथ कथित तौर पर मार-पीट की और उनके सिर दीवार पर दे मारे। उन्होंने कहा कि बाद में गौतम ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पूर्व ग्राम पंचायत सचिव प्रेमबिहारी गौतम (75) और उनकी पत्नी देवकी बाई (72) के रूप में हुई है। गौतम के छोटे भाई की शिकायत के आधार पर गौतम, उसकी पत्नी और उनके बच्चों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मीणा ने कहा कि उन्होंने पाया कि गौतम की पत्नी और बच्चे पहले ही घर छोड़ चुके थे। उन्होंने कहा कि गौतम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है जबकि उसकी पत्नी और बच्चों का अभी पता नहीं चल पाया है।

Exit mobile version