लुधियाना। हंबड़ां रोड पर बी.वी.एम. स्कूल की बैकसाइड बनी मार्कीट में मैडीकल स्टोर पर बैठे मालिक पर एक्टिवा सवार दो युवकों ने दात से हमला कर घायल कर दिया। युवकों ने मैडीकल स्टोर के मालिक से सिरिंज मांगी थी लेकिन स्टोर के मालिक ने युवकों को सिरिंज देने से मना कर दिया। उसके बाद उन युवकों ने मैडीकल स्टोर के मालिक पर दात से हमला कर घायल कर दिया। इस घटनाक्र म में घायल हुए डी.एम.सी. के नजदीक राजपुरा निवासी मुकेश को डी.एम.सी. अस्पताल में दाखिल करवाकर पुलिस को सूचित कर दिया है।
संदीप ने बताया कि उसके पिता मुकेश शुक्र वार शाम करीब चार बजे दुकान पर बैठे थे। उसी समय एक्टिवा सवार दो युवक आए और उन्होंने सिरिंज मांगी लेकिन संदीप के पिता ने उन युवकों को सिरिंज देने से मना कर दिया। उसके बाद युवकों ने कैप्सूल व गोलियां मांगनी शुरू कर दी। तब संदीप के पिता ने उन युवकों को नशे की गोलियां व कैप्सूल भी देने से मना कर दिया। उसके बाद वह दोनों युवक एक्टिवा से मिर्ची पाऊडर व दात निकालकर ले आए।
उन युवकों ने संदीप के पिता मुकेश की आंखों में मिर्ची पाऊडर डालकर सिर व पेट के पास दात से हमला कर घायल कर दिया। जब संदीप के पिता ने शोर मचाना शुरू कर दिया तब एक्टिवा सवार दोनों युवक वहां से भाग निकले। उसके बाद आस-पास के दुकानदारों की मदद से संदीप के पिता मुकेश को घायलावस्था में डी.एम.सी. अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया। घटनास्थल से फरार होते समय एक्टिवा सवार दोनों युवक नजदीक ही लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गए हैं। इस संबंधी थाना पी.ए.यू. के अधीन पडती किचलू नगर पुलिस चौकी में सूचित कर दिया गया है।

