Site icon Dainik Savera Times

GST Scam : 800 करोड़ रुपये का GST घोटाला, झारखंड और बंगाल के 9 ठिकानों पर ED की छापेमारी

800 crore GST scam

800 crore GST scam

रांची : करीब 800 करोड़ के जीएसटी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने गुरुवार सुबह झारखंड और बंगाल में नौ ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। झारखंड में रांची के तीन और जमशेदपुर में एक स्थान पर दबिश दी गई है। जिन ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, वहां सुरक्षा के मद्देनजर सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों राज्यों के कारोबारियों ने कुल 14,325 करोड़ रुपए के फर्जी जीएसटी इनवॉइस बनाकर 800 करोड़ रुपए से ज्यादा के इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लिया था।

जिन कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, उनमें शिवकुमार देवरा, सुमित गुप्ता, अमित गुप्ता एवं अन्य शामिल हैं। ईडी ने बंगाल में इस घोटाले में पहले भी छापेमारी की थी, जबकि झारखंड में इसे लेकर पहली बार कार्रवाई की जा रही है। आरोप है कि कारोबारियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर व्यापारिक प्रतिष्ठान बनाए और इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लिया। बाद में इन फर्जी प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया गया।

कोई जानकारी साझा नहीं

उल्लेखनीय है कि इसी साल जनवरी महीने में जीएसटी निदेशालय की अन्वेषण टीम ने 100 करोड़ रुपए से अधिक के जीएसटी घोटाले में रामगढ़ के सारूबडेड़ा और धनबाद के झरिया में छापेमारी की थी। इसी तरह जमशेदपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी आठ ठिकानों पर जीएसटी की टीम ने छापेमारी कर 150 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया था।

फर्जी जीएसटी इनवॉइस जारी कर घोटाले के इस मामले में जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित खाटू श्याम स्टील, जैसुका आयरन एंड पावर, बाबा श्याम स्टील, श्री स्टील, विवान इंटरप्राइजेज, एनएच-33 स्थित रिवाह रिसॉर्ट और आदित्यपुर स्थित मातेश्वरी इंजीनियरिंग सहित कई अन्य कंपनियां ईडी जांच के रडार पर हैं। फिलहाल इस मामले में जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।

Exit mobile version