Site icon Dainik Savera Times

झारखंड में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़… ID ब्लास्ट में एक सब-इंस्पेक्टर घायल

नेशनल डेस्क : झारखंड के चाईबासा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सीआरपीएफ और पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के विस्फोट में सीआरपीएफ का एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया। यह घटना झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में हुई, जहां सुरक्षा बलों और माओवादी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के दौरान विस्फोट हुआ। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

घायल CRPF सब-इंस्पेक्टर का इलाज जारी

वहीं इस घटना में घायल सब-इंस्पेक्टर को तुरंत एयरलिफ्ट करके रांची के अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। वह सीआरपीएफ की 134 बटालियन में पदस्थापित हैं। मुठभेड़ जराईकेला थाना क्षेत्र के राधापोड़ा के पास हुई। इस हादसे में घायल जवान का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इस जिले में सुरक्षा बलों को आईईडी धमाकों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 5 मार्च को भी इसी जिले के बलीबा जंगल के पास नक्सलियों की आईईडी की चपेट में आकर सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के एक असिस्टेंट कमांडेंट सहित तीन जवान घायल हो गए थे। यह घटना नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई थी।

नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान

झारखंड के सारंडा और कोल्हान क्षेत्रों में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, और अश्विन अपने दस्ते के साथ सक्रिय हैं। इनके खिलाफ सुरक्षाबलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चाईबासा जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों ने पिछले एक महीने में नक्सलियों के पांच डंप को ध्वस्त किया और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए।

Exit mobile version