Site icon Dainik Savera Times

फतेहपुर की घटना को लेकर सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करे : Mayawati

Government should take strict legal action

Government should take strict legal action

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने फतेहपुर में हुई घटना को लेकर कहा कि सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके वहां पीड़ित परिवार को समय पर न्याय दे। बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘यूपी में आए दिन हर छोटी-छोटी बात पर लोगों का शोषण व उत्पीड़न आदि हो रहा है, जिसके तहत अभी हाल ही में जिला फतेहपुर के एक ही किसान परिवार के 3 क्षत्रिय/ठाकुरों की व एक दलित व्यक्ति की भी हत्या कर दी गई है, जिससे लोगों में वहां काफी दहशत व्याप्त है।’ उन्होंने आगे कहा कि सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके वहां पीड़ित परिवार को समय से न्याय दे तथा कानून-व्यवस्था को भी सुधारने पर विशेष ध्यान दे।

 

 

गोली मारकर कर दी गई हत्या

बता दें कि फतेहपुर में चुनावी रंजिश में प्रधान के दो पुत्रों और एक पौत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन पर खेत में जाते समय घात लगाकर हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। इस घटना को लेकर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि थाना हथगाम में पंजीकृत मुकदमे में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही थी।

इसी दौरान बैरियर लगाकर लगातार चेकिंग की जा रही थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, थाना खागा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में कुछ अभियुक्त आ रहे थे। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें दो बदमाशों को गोली लगी है।

इनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक गाड़ी भी जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इसके साथ ही थाना हथगाम में जो हत्या का मुकदमा पंजीकृत हुआ है, उसमें चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी पक्षों की जांच करके अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Exit mobile version