Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

CRPF जवान ने की ASI लिव-इन पार्टनर की हत्या, फिर उसी थाने में किया सरेंडर जिस थाने में थी तैनात, जानें क्या है पूरा मामला

July 20, 2025

CRPF जवान ने की ASI लिव-इन पार्टनर की हत्या, फिर उसी थाने में किया सरेंडर जिस थाने में थी तैनात, जानें क्या है पूरा मामला

नेशनल डेस्क। गुजरात के कच्छ जिले के अंजार शहर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां, एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान ने अपनी लिव-इन पार्टनर और गुजरात पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। मामले संबंधी जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी मुकेश चौधरी ने बताया कि अरुणा और दिलीप की मुलाकात 2021 में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों पिछले कुछ समय से एक साथ रह रहे थे।

कौन थीं मृतका और क्या था रिश्ता?

मृतक महिला का नाम अरुणाबेन नटूभाई जादव (उम्र 25 साल) था। वह अंजार पुलिस स्टेशन में ASI के पद पर कार्यरत थीं। वह मूल रूप से सुरेंद्रनगर जिले के डेरवाला गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में अंजार के गंगोत्री सोसाइटी-2 में किराए के मकान में रह रही थीं।

आरोपी दिलीप डांगचिया CRPF में कांस्टेबल के रूप में है तैनात

आरोपी का नाम दिलीप डांगचिया है। वह CRPF में कांस्टेबल है और मणिपुर में तैनात है। दिलीप और अरुणा की मुलाकात साल 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। दोनों शादी की योजना भी बना रहे थे।

हत्या कैसे हुई?

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात (18 जुलाई 2025) को दिलीप और अरुणा के बीच किसी बात को लेकर तेज बहस हो गई। DSP मुकेश चौधरी ने बताया कि बहस के दौरान अरुणा ने दिलीप की मां को लेकर कुछ आपत्तिजनक बातें कही थीं। इससे दिलीप नाराज़ हो गया और गुस्से में आकर अरुणा की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दिलीप ने खुद को भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें नाकाम रहा।

थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

घटना के अगले दिन, शनिवार सुबह (19 जुलाई 2025) को दिलीप खुद अंजार पुलिस स्टेशन पहुंचा, जहां अरुणा काम करती थीं। उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इंस्पेक्टर अजयसिंह गोहिल ने बताया, “दिलीप ने खुद आकर बताया कि उसने अरुणा की हत्या की है। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत अरुणा के घर जाकर शव बरामद किया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिवार को भी सूचना दे दी गई है।”

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दिलीप को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। कच्छ (पूर्व) के SP सागर बागमार ने बताया कि “पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि झगड़ा क्यों हुआ और क्या इसके पीछे कोई और वजह थी।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें