Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा के झज्जर में सरेआम बदमाश STF जवान को गोली मारकर फरार, कार में लाश के पास पिस्टल भी छोड़ गए

March 6, 2024

हरियाणा के झज्जर में  सरेआम बदमाश STF जवान को गोली मारकर फरार, कार में लाश के पास पिस्टल भी छोड़ गए

झज्जरः हरियाणा के झज्जर जिले में मंगलवार को हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान की गोली मार कर हत्या कर दी गई। उसका शव उसी की गाड़ी में मिला। बदमाश कार में पड़ी लाश के पास पिस्टल भी छोड़ गए ताकि किसी को यह हत्या न लगे बल्कि आत्महत्या लगे।

STF जवान 47 वर्षीय सतबीर सोमवार की रात को अकेले ही अपने पैतृक गांव भूरावास आया हुआ था। सतबीर पहले सेना में था, लेकिन वहां से रिटायरमेंट लेने के बाद पुलिस में भर्ती हो गया था। बेशक सतबीर मूल रूप से झज्जर जिले के भूरावास गांव का रहने वाला था लेकिन फिलहाल वह अपने ससुराल गांव पाना बिधयान दुबलधन में रहता था।

ससुर की शिकायत पर मामला दर्ज

साल्हावास थाना पुलिस ने ससुर की शिकायत के आधार पर धारा 302, 25– 54 –59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना के बाद DIG अमरदीप सिंह, STF SI वसीम अकरम, DSP अनिल कुमार, थाना प्रभारी प्रकाश चंद फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

ससुर राजेंद्र ने बताया कि सतबीर उसके साथ ही रहता था लेकिन सोमवार को वह किसी कारणवश अपने पैतृक गांव भूरावास गया हुआ था। मंगलवार को उसका शव नहर के पास खड़ी कार से बरामद हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि कार पर दो गोलियों के निशान मिले है। एक गोली का निशान शीशे पर और दूसरी गोली का निशान गाड़ी की छत पर मिला है।
उन्होंने बताया कि शव के पास से पिस्टल भी बरामद हुई है। सतबीर STF में कार्यरत होने के कारण हमेशा ही बदमाशों के पीछे रहता था। जिस कारण उन्हें शक है कि किसी ने रंजिश के चलते हत्या की है।

साल्हावास थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रकाश चंद ने बताया की ससुर राजेंद्र की शिकायत के अनुसार हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम होने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें