Site icon Dainik Savera Times

‘हिंदी और पंजाबी के टीचर करते हैं परेशान’..सुसाइड नोट लिखकर 9वीं के छात्र ने मां की चुन्नी से लगाया फंदा

लुधियाना: स्कूल टीचरों से परेशान 9वीं के 13 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले बच्चे ने सुसाइड नोट लिखकर स्कूल की पंजाबी (Punjabi) और हिंदी (Hindi) की अध्यापिकाओं को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। सूचना मिलने पर शेरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक का नाम अंश सैनी है, वह कबीर नगर की गली नंबर 10 का रहने वाला है।

वहीं, पुलिस ने सुसाइड नोट व परिवार वालों के बयानों के आधार पर दोनों अध्यापकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक अंश के पिता पेशे से अकाऊंटैंट है। उसकी बड़ी बहन पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में बी.एससी की छात्र है। अंश, कबीर नगर में ही प्राइवेट स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता है। शुक्रवार को वह स्कूल से घर आया।

स्कूल से आने के बाद वह पूरी तरह उदास था। मां ने पूछा तो उसने टीचरों के परेशान करने वाली बात बताई। मां ने दिलासा दिया। रात को अंश घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद जब वह नीचे नहीं उतरा तो परिवार ने ऊपर छत पर जाकर देखा तो उसने मां की चुनरी से फंदा लगाया हुआ था। शोर सुनकर आसपास के लोग ईक्ट्ठे हुए। अंश को फंदे से उतारकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई बलजीत सिंह का कहना है कि दोनों अध्यापकों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version