Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑनलाइन गेम्स से साइबर ठगी करने वाला अंतर्राष्ट्रीय गिरोह बेनकाब, जल्द होंगे और बड़े खुलासे

September 13, 2025

ऑनलाइन गेम्स से साइबर ठगी करने वाला अंतर्राष्ट्रीय गिरोह बेनकाब, जल्द होंगे और बड़े खुलासे

Online Games: लुधियाना देहात पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग एप्प के जरिए लोगों से पैसे ठगने वाले एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार सवार 5 आरोपियों को जगराओं में दबोचकर गिरफ्तार किया। आरोपियों ने साइबर ठगी को अंजाम देने के लिए पंजाब के विभिन्न बैंकों में जाली खाते खुलवा रखे थे, जिनके जरिए वे ठगे गए पैसों को निकालते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नामी कंपनियों के नाम पर फर्जी ऑनलाइन गेमिंग एप्प तैयार करते थे। एप्प पर कोई भी शख्स जैसे ही पैसे लगाता, उसकी हार निश्चित रहती थी। इस तरह आरोपी भोले-भाले लोगों से लाखों रुपए ठग लेते थे।

ठगे गए पैसे आरोपी अलग-अलग जाली खातों में ट्रांसफर कर एटीएम और ऑनलाइन माध्यम से निकालते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिनव गर्ग निवासी सुभाष गली, कच्चा कालेज रोड बरनाला, ओम प्रकाश उर्फ ओम निवासी बिहार हाल वासी तीसरी मंजिल, सैक्टर-22, गौतमबुद्ध नगर नोएडा, अमितराज उर्फ अमित निवासी बिहार, विश्वजीत सिंह निवासी मोहल्ला हथौड़ा, उत्तर प्रदेश, रिहान खान निवासी गांव बोदरवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने कार की तलाशी दौरान आरोपियों से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और चैकबुक बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जल्द होंगे और बड़े खुलासे
सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग एप्प के नाम पर ठगी कर रहा था और इसके तार अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक जुड़े होने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। जल्द ही इस संबंध में पुलिस द्वारा प्रेस वार्ता भी की जाएगी, जिसमें सारे मामले का खुलासा किया जाएगा जबकि इस समय कोई भी पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें