Site icon Dainik Savera Times

आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने थाना का किया घेराव

रोहतास। बिहार में रोहतास जिले के बड्डी थाना क्षेत्र में व्यवसायी की गोली मारकर हत्या किये जाने के विरोध में आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को शव को सड़क पर रखकर थाने का घेराव किया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सिकुही गांव निवासी आभूषण व्यवसायी सूरज सोनी (33) गुरूवार की रात आलमपुर स्थित अपनी दुकान को बंद करके स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान कलाशाहर गांव मोड़ के समीप दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने गोली मारकर व्यवसायी को घायल कर दिया और उसके पास बैग में रखे आभूषण, पैसा, मोबाइल सहित अन्य सामान लूट कर फरार हो गए। सूरज सोनी को सदर अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर ले जाया गया,जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस बीच व्यवसायी सूरज सोनी हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने बड्डी थाना के समीप आज शव को सड़क पर रखकर थाना का घेराव किया और पुलिस- प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस समझाने का प्रयास कर रही है। रोहतास के पुलिस अधीक्षक विनित कुमार ने बताया कि बड्ढी थाना क्षेत्र में व्यवसायी की हत्या के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी गई है। जल्द हीं कांड का उछ्वेदन कर लिया जाएगा।

Exit mobile version