
हरियाणा डेस्क. कैथल शहर के एक निजी अस्पताल से बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ में शामिल एक युवक ने आईसीयू में दाखिल महिला के साथ छेड़छाड़ की। आरोपी मरीज को एक कोने में ले गया, जहां पर सीसीटीवी नहीं था। उसने पर्दा लगाकर महिला के साथ अश्लील हरकत की, जिस समय महिला के साथ गलत हरकत की गई उस समय महिला होश में नहीं थी।
अस्पताल के कारिंदे आशिष के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला के परिजनों ने बताया कि महिला गर्भवती थी, लेकिन बच्चे की गर्भ में ही मौत होने के बाद तबीयत बिगड़ने पर सिग्नस अस्पताल में दाखिल करवाया था, जब महिला ने इस बारे में परिवार वालों को बताया तो आशिष की शिकायत अस्पताल प्रशासन को की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने पर परिवार वालों ने हंगामा किया। इतना ही नहीं उक्त युवक की जमकर पिटाई भी की।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि अस्पताल में झगड़े की सूचना के बाद वे मौके पर पहुंचे थे। एक कस्बे की महिला से छेड़छाड़ की बात सामने आई है। महिला व उसके स्वजन के बयान लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है। अस्पताल की तरफ से मारपीट या तोडफोड़ की कोई शिकायत नहीं दी गई है।