Site icon Dainik Savera Times

केतन हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 7 महीने में 2,004 फोन कॉल, सिया और चेतन ने ऐसे रची थी साजिश

Ketan Agarwal murder case

Ketan Agarwal murder case

Ketan Agarwal murder case: पुणे में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान कई हैरान करने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची थी। जांच में पता चला है कि सिया और चेतन ने नवंबर 2025 से एक-दूसरे से बात करना शुरू किया था। पिछले सात महीनों में दोनों के बीच कुल 2,004 फोन कॉल हुईं और लगभग 238 घंटे तक बातचीत हुई। इससे साफ होता है कि केतन से सगाई होने के बाद भी सिया लगातार चेतन के संपर्क में थी।

हत्या के समय पास ही मौजूद था चेतन

पुलिस जांच में सामने आया है कि 18 जून को जब सिया ने लोहागढ़ किले की 350 फीट गहरी खाई में केतन को धक्का दिया, तब चेतन भी वहां मौजूद था। वह करीब 20 से 30 फीट की दूरी पर खड़ा होकर दोनों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। जांच अधिकारियों को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें चेतन एक खास हुडी पहनकर दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए ऐसा किया था। फुटेज में वह सिया और केतन का पीछा करता भी नजर आया है।

पहली बार में नाकाम हुई थी हत्या की कोशिश

पुलिस के अनुसार, 14 जून को भी केतन को मारने की कोशिश की गई थी। उस दिन सिया ने उसे पहाड़ी से धक्का दिया, लेकिन केतन ने ढलान पर उगी एक झाड़ी पकड़ ली, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस का दावा है कि खुद पर शक न हो इसलिए सिया ने वहां सांप दिखाई देने का नाटक किया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बाद में उसने डरे हुए केतन को गले लगाकर उसे भरोसा दिलाया कि वह उसकी मदद कर रही है।

महाबलेश्वर में हत्या का था बैकअप प्लान

जांच में यह भी सामने आया है कि अगर 18 जून की योजना सफल नहीं होती, तो सिया और चेतन ने एक और योजना तैयार कर रखी थी। इसे पुलिस ने “प्लान C” बताया है। इसके तहत 19 जून को सिया के जन्मदिन के दौरान महाबलेश्वर में केतन की हत्या करने की योजना बनाई गई थी।

केतन की बहन के शक से खुला पूरा मामला

18 जून को केतन के खाई में गिरने के बाद पुलिस ने शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना था और एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया था। लेकिन केतन के अंतिम संस्कार के बाद उसकी बहन को घटना पर संदेह होने लगा। चार दिन बाद सिया जब परिवार को सांत्वना देने पहुंची, तब केतन की बहन ने उससे घटना के बारे में विस्तार से सवाल पूछे। बातचीत के दौरान सिया के जवाब बार-बार बदल रहे थे और वह कई सवालों से बचती नजर आई। इससे परिवार का शक और बढ़ गया।

सीसीटीवी और तकनीकी सबूतों ने खोला राज

परिवार के शक के बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आईं, जिसने जांच को नई दिशा दी। बाद में पुलिस को सिया और चेतन के कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों ने गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर कई अहम तथ्य सामने आए। जांच के बाद पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पहले से रची गई हत्या की साजिश थी। 23 जून को पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

जांच अभी जारी

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी साजिश में सिया और चेतन के अलावा कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Exit mobile version